रायपुर : सात बार सांसद रहे रमेश बैस होंगे झारखण्ड के नए राज्यपाल - SR Sandesh News

Breaking

SR Sandesh News

The most reliable and fastest news network.

Wednesday, July 7, 2021

रायपुर : सात बार सांसद रहे रमेश बैस होंगे झारखण्ड के नए राज्यपाल

 

रायपुर (SR Sandesh News) : छत्‍तीसगढ़ के मूल निवासी रमेश बैस रायपुर से लोकसभा सदस्‍य रहे हैं। छत्‍तीसगढ़ से लगातार सात बार सांसद बनने का उन्‍होंने कीर्तिमान बनाया था। 2 अगस्‍त 1947 को जन्‍मे बैस केंद्र सरकार में राज्यमंत्री भी रहे हैं।
त्रिपुरा के राज्यपाल रमेश बैस झारखंड के नए राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं। वे वर्तमान राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू का स्थान लेंगे, जिनका पांच वर्ष का कार्यकाल 17 मई 2020 को ही समाप्त हो गया था। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंगलवार को रमेश बैस की नियुक्ति झारखंड के राज्यपाल के पद पर की। वे शीघ्र झारखंड आएंगे और राजभवन में राज्यपाल पद की शपथ लेंगे। बैस झारखंड के दसवें राज्यपाल होंगे। वे पांच वर्ष या राष्ट्रपति की इच्छा पर झारखंड के राज्यपाल बने रहेंगे।
रमेश बैस को जुलाई 2019 में त्रिपुरा का राज्यपाल बनाया गया था। छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी रमेश बैस रायपुर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सदस्य रहे हैं। उन्होंने लगातार छह बार लोकसभा पहुंचने का कीर्तिमान बनाया था। सबसे पहले वे वर्ष 1989 में नौवीं लोकसभा के सदस्य चुने गए थे। इसके बाद 11वीं से 15वीं लोकसभा तक लगातार सदस्य निर्वाचित हुए। बैस अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में भी पर्यावरण व वन राज्य मंत्री रहे हैं। केंद्र में उन्होंने रासायनिक एवं उर्वरक, सूचना एवं प्रसारण, खान, पर्यावरण एवं वन जैसे मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली है।

पार्षद के रूप में की थी राजनीति सफर की शुरुआत
भाजपा के सक्रिय सदस्य रहे बैस के राजनीतिक करियर की शुरुआत रायपुर नगर निगम के पार्षद के रूप में हुई थी। बाद में ये 1980 में मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। इन्हें मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष, महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद संभालने का भी मौका मिला। उन्होंने मध्य प्रदेश विधानसभा तथा लोकसभा में कई कमेटियों में भी शामिल होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

खेल और खेती-खलिहानों में गहरी रूचि
रमेश बैस की रुचि खेल, खेती-खलिहानी और बागवानी में है। वे छत्तीसगढ़ आर्चरी ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके हैं। साथ ही वर्ष 1992 में मध्य प्रदेश सीड्स एंड फार्म डवलपमेंट काॅरपोरेशन के भी अध्यक्ष रह चुके हैं। वुड क्राफ्ट, पेंटिंग तथा इंटीरियर डेकोरेशन में भी उनकी रुचि है।

No comments:

Post a Comment